मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इस समय भारी बारिश हो रही है। जिससे कुछ जगहों पर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। हिमाचल प्रदेश में बाढ़ से अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश में भी पिछलें 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल समेत आसपास के कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसे देखते हुए भोपाल के सभी स्कूल आज बंद कर दिए गए।

भारतीय मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी करने के बाद मध्य प्रदेश के कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। 22 अगस्त 2022 को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद हैं। प्ले स्कूल से लेकर कक्षा 12वीं तक सभी तरह के शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से खराब मौसम की स्थिति में सभी प्रकार की यात्रा स्थगित करने की अपील की जा रही है। बच्चों को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह भी दी गई हैं।

मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से भारी बारिश-

मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। खासकर राजधानी भोपाल में बारिश के हालात बेहद खराब हो गए हैं। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के जबलपुर, भोपाल और नर्मदापुरम में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर में भारी बारिश से नर्मदा नदी में पानी ख़तरे के निशान तक पहुंच गया है। साथ ही भोपाल के बड़े तालाब में भी पानी ख़तरे के निशान से ऊपर है।  

 मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र मिश्रा ने बताया, "प्रदेश में भारी से अति बारिश का दौर जारी है और ये आने वाले दो दिनों तक चलेगा। इसके बाद बारिश कम हो जाएगी। इसी को देखते हुए प्रदेश में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से 22 लोगों की मौत-

हिमाचल प्रदेश भारी बारिश और बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद लापता हुए पांच लोगों का रविवार को भी पता नहीं चल पाया। शनिवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। बारिश से मंडी, कांगड़ा और चंबा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अभी भी बारिश लगातार जारी है इससे ख़तरा और बढ़ सकता है।