उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक के कई राज्यों में बारिश का दौर अभी भी जारी है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर मुंबई तक कई शहरों में बारिश का सिलसिला बदस्तूर जारी है. पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश हो रही है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर में कल (शनिवार) से बारिश जारी है. दिल्ली-एनसीआर में भारी और मध्यम बारिश हो रही है. बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों तक करीब 17 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने भी आज 9 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि देश के पूर्वी हिस्से में चक्रवाती हवाओं का दबाव बना हुआ है. मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में येलो अलर्ट जारी किया है.

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी- 

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. श्योपुर में 50 यात्रियों को लेकर जा रही एक बस पुल पार करते समय बहते नाले में गिर गई. तेज लहरों के बीच बस में फंसे लोगों को बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. बारिश के बीच हुए इस हादसे में 9 यात्री घायल हो गए.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 अक्टूबर तक उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है. राष्ट्रीय राजधानी की बात करें तो आज (रविवार) 9 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा. 10 अक्टूबर को भी हल्की बारिश की संभावना है. इसके साथ ही तापमान में मामूली वृद्धि होगी. जबकि 12 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा और 15 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान फिर से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है.