उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक के राज्यों में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बढ़ रही है और अगले 4-5 दिनों तक दक्षिण-पश्चिम में बनी रहेगी। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तराखंड, ओडिशा, बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले 3-4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी-

उत्तराखंड के कई इलाकों में एक बार फिर मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले चार दिनों तक भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, देहरादून समेत पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। बागेश्वर के कपकोट इलाके में भारी बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। बताया जा रहा है कि भूस्खलन से कुछ जगहों पर सड़कों पर मलबा बह गया है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के ज्यादातर हिस्सों में आज (रविवार) बारिश जारी है।

ओडिशा में भारी बारिश की संभावना-

बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा में 13 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर आंध्र प्रदेश और बंगाल की उत्तर पश्चिम खाड़ी के ऊपर दक्षिण ओडिशा तट पर एक सक्रिय प्रणाली के कारण ओडिशा में भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने 13 सितंबर तक ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

मौसम की भविष्यवाणी करने वाली एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मॉनसून "जैसलमेर, उदयपुर, इंदौर, अकोला, पश्चिम मध्य और उत्तरी आंध्र प्रदेश के अलावा दक्षिण ओडिशा के तट के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होते हुए पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। जिसके कारण देशभर के विभिन्न राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

दिल्ली में भी बारिश की संभावना-

राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अगले पांच दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में आज 11 सितंबर को न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।

बिहार में भी बारिश का अनुमान-

बिहार की राजधानी पटना समेत कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 सितंबर से बिहार में भारी बारिश की संभावना जताई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों में राज्य में छिटपुट बारिश होगी। पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 12 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।