भोपाल. मध्यप्रदेश में भारी बरसात हो रही है जिससे नदियां उफना गईं हैं. पानी में कईं बस्तियां  डूब गईं हैं. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार रात तक प्रदेशभर में 8.5 इंच पानी गिर चुका है। भोपाल में ही रात तक 6 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। आज भी सुबह से ही बारिश जारी है। ​​राजधानी की सड़कों और ​​​​निचली बस्तियों में जगह-जगह पानी भर गया है। नर्मदा के जलस्तर में दो से ढाई फीट की बढ़ोत्तरी हुई है। ​नर्मदापुरम में तवा डैम का जलस्तर 3 फीट तक बढ़ गया है। विदिशा में बेतवा उफान पर है। प्रशासन ने स्कूलों की छुट्‌टी कर दी है। रायसेन में भी छोटी नदियां और नाले उफना गए।

मौसम विभाग ने अगले 5 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में भोपाल, खंडवा, बैतूल, बुरहानपुर, धार, देवास, शाजापुर और नर्मदापुरम में तेज बरसात होगी. हरदा, रायसेन और सीहोर में भी अति भारी बारिश का अलर्ट है। 

रविवार तक मध्यप्रदेश में 8.5 इंच बारिश हो चुकी है जबकि प्रदेश में 7 दिनों में बिजली गिरने से 47 लोगों की मौत हो चुकी है। 70 लोग घायल हुए है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सोमवार को नमी अधिक होने के कारण प्रदेशभर में बारिश हो रही है। भोपाल, जबलपुर, रीवा और सागर में आज भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इंदौर-उज्जैन संभाग भी भीगेंगे।

भोपाल में शनिवार को आधी रात के बाद से 6 घंटे में 5 इंच से ज्यादा बारिश हुई। रविवार को दिन भर धूप रही लेकिन शाम 7 बजे के बाद फिर तेज बारिश शुरू हो गई। यहां रात 8.30 तक 1 इंच पानी और बरस चुका था। 20 घंटे में 6 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी थी। यह इस सीजन की राजधानी में सबसे तेज बारिश है। इस जुलाई में भोपाल में अब तक 13.78 इंच बारिश हो चुकी है। जुलाई का कोटा 14.89 इंच पूरा होने के लिए अब सिर्फ 1.11 इंच बारिश की जरूरत है, जबकि महीना खत्म होने में अभी पूरे 21 दिन बाकी हैं।