उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित सिखों के पवित्र मंदिर श्री हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते कल 10 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे गुरुद्वारा के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। बर्फबारी के चलते हेमकुंड साहिब में बहुत ही ज्यादा ठंड पड़ रही है।

4 जिलों में होगी भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी-

उत्तराखंड मौसम विभाग ने 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत और अल्मोड़ा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के कई हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।

चोटियों पर जमने लगी बर्फ, ठंड का असर-

केदारनाथ में लगातार बारिश हो रही है। वहां की चोटियों पर बर्फ जमने लगी है। केदारनाथ के साथ ही भैरवनाथ मंदिर पर भी बर्फ गिर रही है। केदारनाथ में श्रद्धालुओं को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

रूड़की में 4 दिन से लगातार बारिश, तापमान में गिरावट, फसलों को नुकसान-

उत्तराखंड के रूड़की में पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिससे सार्वजनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के साथ जारी भारी बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।

चम्पावत में भारी बारिश से भूस्खलन, टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग बंद

उत्तराखंड के चम्पावत में भारी बारिश के बीच भूस्खलन के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को लम्बें जाम का सामना करना पड़ रहा है।