अमरनाथ यात्रा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने आगामी श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर अहम फैसला लिया है। श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से इस साल भी पूरे यात्रा मार्ग को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। 

पहलगाम और बालटाल दोनों ही मार्गों सहित यात्रा के सभी रूट 1 जुलाई, 2026 से यात्रा संपन्न होने तक नो फ्लाइंग जोन रहेंगे। यात्रा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। श्रद्धालु पैदल यात्रा या पालकी व घोड़े की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा की शुरूआत अगले महीने 3 जुलाई से होने जा रही है। इस यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी तरह से तेज हो गईं हैं। पवित्र यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में इंतजामों अपने अंतिम दौर में हैं। इसी यात्री निवास से तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना होगा। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इस पवित्र यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा भी अहम है, जिसे ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 670 कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है। हर हरकत पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है और साथ में डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है।

अब तक साढ़े 3 लाख रजिस्ट्रेशन

हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन करने घाटी पहुंचेंगे। अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। आने वाले दिनों में ये तादाद और ज्यादा बढ़ेगी, फिलहाल तैयारियां तेज हैं और इंतजार 2 जुलाई का है, जब इस पवित्र यात्रा के लिए भक्तों का पहला जत्था रवाना होगा।