पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन की बर्खास्त असिस्टेंट इंजीनियर हेमा मीणा की संपत्ति को लेकर एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। सरकार ने अब भी हेमा के बॉस रहे जनार्दन सिंह को भी निलंबित कर दिया है। जनार्दन सिंह पुलिस हाउसिंग में परियोजना यंत्री हैं।
हेमा मीणा पर छापे की कार्रवाई के बाद से ही जनार्दन सिंह का नाम संदेह के घेरे में थे। हेमा और जनार्दन सिंह के पारिवारिक और करीबी संबंध होने का भी दावा किया जा रहा है। जांच में हेमा की तीन सम्पतियों का निर्माण जनार्दन सिंह के माध्यम से होने की बात सामने आई है।
हेमा के फ़ार्महाउस और वेयरहाउस के निर्माण में भी जनार्दन सिंह की भूमिका सामने आ रही है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि जनार्दन सिंह फॉर्महाउस और वेयरहॉउस के निर्माण का लगातार अपडेट भी लेते थे और जब इसकी काम का भुगतान नहीं हुआ तो हेमा और जनार्दन सिंह की शिकायत BJP और CM तक से की गई थी।
दूसरी ओर हेमा और जनार्दन सिंह ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। जनार्दन सिंह का कहना है कि वे हेमा के फ़ार्महाउस पर कुत्तों और गायों की सेवा करने जाते थे। वहीं हेमा ने भी जनार्दन सिंह से पारिवारिक रिश्तों की बात कही है और प्रॉपर्टी को अपने पिता की बताया है।