कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को अचानक दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता 10 जनपथ पहुंचे। बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा हुई। इस बैठक में राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी मौजूद रहें। सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हमारे देश में नफरत, कट्टरता और असहिष्णुता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, मल्लिकार्जुन खडगे और अजय माकन पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहें। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने बैठक में 5 घंटे तक मंथन किया। बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि हमारा उद्देश्य क्या है और हम लोगों को क्या संदेश देंगे। हमें अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग रणनीति बनाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि, भाजपा अपने स्वार्थ के लिए चुनाव लड़ रही है। हम परंपरागत रूप से लड़ रहे हैं। हमें एक पार्टी के रूप में लड़ना चाहिए, उम्मीदवार के रूप में नहीं। हम एक कांग्रेस पार्टी के रूप में महात्मा गांधी, नेहरू, पटेल के सिद्धांतों का पालन करते हैं और हम पूरे देश के लिए लड़ते हैं जबकि कुछ राजनीतिक दल अपने विशिष्ट लक्ष्यों के लिए लड़ रहे हैं।

प्रशांत किशोर रहें मौजूद :

प्रशांत किशोर ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि अगर सही रणनीति के साथ समय पर तैयारी शुरू कर दी जाए तो बीजेपी को 2024 में हराया जा सकता है। माना जाता है कि प्रशांत किशोर ने अगले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ बातचीत शुरू की थी।

पिछले कुछ दिनों से अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस पार्टी गुजरात चुनाव में प्रशांत किशोर को बड़ी भूमिका सौंप सकती है। इससे एक दिन पहले ही, प्रशांत किशोर ने एक साक्षात्कार में कहा था कि वह मई में अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में एक बड़ी घोषणा करेंगे।