हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएम सुक्खू को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना था, जिसके लिए उनका कोरोना टेस्ट कराया गया था। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुक्खू के गले में खराश थी, जिसके बाद 18 दिसंबर को उनके सैंपल लिए गए थे। जांच रिपोर्ट में उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

अब मुख्यमंत्री सुक्खू तीन दिन के लिए दिल्ली के हिमाचल सदन में क्वारंटीन रहेंगे। साफ है कि अब वह प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात नहीं कर पाएंगे।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजस्थान में राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा लिया था। लेकिन बाद में वे दिल्ली लौट आए। उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की भी योजना बनाई थी। इसके लिए पीएमओ से समय भी मांगा गया था। लेकिन अब उनके कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से यह मुलाकात टाल दी गई है।

बता दें कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। चार बार के विधायक सुक्खू हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

16 दिसंबर को सीएम सुक्खू ने राजस्थान के दौसा में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया। रैली में उनके साथ हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे।

सुक्खू को राजनीति विरासत में नहीं मिली थी। उनके पिता रोडवेज में बस ड्राइवर थे। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की और अपनी मेहनत से संगठन में जगह बनाई। सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

वह राजनीति में भी काफी सक्रिय हैं। यही कारण है कि उन्हें छात्र संघ का प्रथम सचिव चुना गया। बाद में वे अध्यक्ष भी बने। दो बार शिमला नगर निगम पार्षद का चुनाव लड़े और जीते। इसके बाद से लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। वे 2013 से 2019 तक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस बार वे चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष थे।