असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी विवादों में आ गई है। कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की दाढ़ी की तुलना सद्दाम हुसैन से की थी। उन्होंने गुजरात की एक रैली में राहुल पर तंज कसते हुए कहा, ''आपका चेहरा सद्दाम हुसैन जैसा क्यों होता जा रहा है?'
हिमंत के इस बयान पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिग्विजय सिंह ने उनको आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि ये वही शख्स है जो कभी कांग्रेस नेताओं के पैर पकड़ता था, शर्म आनी चाहिए, आज जो कुछ भी है कांग्रेस की वजह से है। मालूम हो कि हिमंत बिस्वा सरमा ने गुजरात की एक रैली में कहा था कि राहुल जी, आपका चेहरा ऐसा होना चाहिए कि लोगों को महात्मा गांधी, सरदार पटेल दिखें, लेकिन ऐसा नहीं कि सद्दाम हुसैन दिखें।
बता दें कि सद्दाम हुसैन इराक का तानाशाह था। खाड़ी युद्ध के दौरान सद्दाम हुसैन की सेना और अमेरिकी सेना के बीच लड़ाई हुई थी। बाद में अमेरिका ने उसे पकड़ लिया और उसे मौत की सजा सुनाई। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि उनका बयान सुनकर बीजेपी पर हंसी आ गई। कभी नहीं सोचा था कि ये लोग इतना नीचे गिर जाएंगे, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा ने इनके होश उड़ा दिए हैं। उनके नेता ने भी हाल ही में दाढ़ी बढ़ाई है। लेकिन हम कुछ नहीं बोले। अब हम इस मुद्दे पर बात करेंगे।
हिमंत बिस्वा सरमा के इस बयान पर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अलका लांबा ने कहा कि यह अच्छा हुआ कि जब हिमंत बिस्वा सरमा राहुल गांधी से मिलने गए तब राहुल ने हिमंत के ज़्यादा अपने वफादार कुत्ते को तरजीह दी। अलका लांबा ने कहा कि असम के सीएम दिल्ली एमसीडी चुनाव में प्रचार करने आए थे और लव जिहाद की बात करते रहे। उन्हें अपराध को सांप्रदायिक रंग देना बंद करना चाहिए।