भोपाल: पाकिस्तान से मप्र आये हिन्दूजनों को संबंधित जिले के एसपी एवं आईबी की एनओसी न मिलने के कारण नागरिकता नहीं मिल पा रही है।

राज्य के गृह विभाग के मुताबिक, दो साल पहले इंदौर और भोपाल जिले सहित प्रदेश के 15 जिलों में पाकिस्तान से आये हिन्दु नागरिकों के 1245 नागरिकता के प्रकरण लंबित थे।  इसका मूल कारण पूर्ण दस्तावेज/आवेदक द्वारा आवेदन ऑनलाईन नहीं किए जाने/इन्टेलीजेंस ब्यूरो एवं पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट प्राप्त होने में समय लगने से प्रकरण लंबित थे।

भारत सरकार गृह मंत्रालय के द्वारा दिये निर्देशानुसार राज्य शासन स्तर पर बालाघाट जिले के वर्ष 2016 से अब तक कुल 50 प्रकरण प्राप्त हुये थे, जिनमें से 13 प्रकरणों में भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है। शेष 37 प्रकरणों में पूर्ण दस्तावेज/आईबी रिपोर्ट /पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट ऑनलाईन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होने से प्रकरणों के निराकरण में असुविधा उत्पन्न हो रही है।

गृह विभाग ने बताया है कि जिला इंदौर में वर्ष 2016 से अब तक कुल 1234 प्रकरण प्राप्त हुए है जिनमें से 738 प्रकरणों में भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है एवं शेष 496 प्रकरण भी उक्त कारणों से लंबित हैं। जिला भोपाल में वर्ष 2016 से अब तक कुल 85 प्रकरण प्राप्त हुए है जिनमें से 61 प्रकरणों में भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है एवं शेष 24 प्रकरण भी उक्त कारणों से लंबित पड़े है।