भोपाल। पुलिस मुख्यालय में स्थित मप्र औद्योगिक सुरक्षा विंग ने अपने आरक्षक से निरीक्षक स्तर के पुलिस गार्ड किराये पर लेने के लिए दरें बढ़ा दी हैं।
ये दरें इसलिये बढ़ा दी गई हैं क्योंकि राज्य के वित्त विभाग 21 अक्टूबर 2021 से 8 प्रतिशत डीए में बढ़ोत्तरी की है। जो दिनांक 01.10.21 से देय है। एडीजीपी राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल जी जनार्दन ने डीजीपी विवेक जौहरी के अनुमोदन से वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिये नई दरें निर्धारित की हैं।
अब निरीक्षक 3780 रुपये प्रतिदिन के बजाये 4070 रुपये, उप निरीक्षक 3180 रुपये के स्थान पर 3420 रुपये प्रतिदिन, एएसआई 3070 रुपये के स्थान पर 3310 रुपये प्रतिदिन, हवलदार 2100 रुपये के स्थान पर 2260 रुपये प्रतिदिन तथा आरक्षक 2000 रुपये के स्थान पर 2150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराये पर दिया जायेगा।
एडीजीपी ने आदेश में कहा है कि प्रदाय की गई गार्ड के लिए भुगतान एक माह के अग्रिम के बाराबर राशि लेकर नियुक्त की जायेगी तथा साथ ही तीन माह की राशि के बराबर बैंक गारन्टी जमा करनी होगी। यह व्यवस्था ऐसी अन्य सभी संस्थाओं के लिए भी लागू होगी जहां बिना कीमत के अथवा अन्य तरीके से निर्धारित दरों पर पुलिस बल उपलब्ध कराने की कोई संवैधानिक अथवा किसी अन्य अनुबंध के अन्तर्गत बाध्यता नहीं है। ये नई दरें 1 अक्टूबर 2021 से प्रभावशील की गई हैं।