आगामी 24 फरवरी को सतना में होने वाले कोल समाज के सम्मेलन में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। माता शबरी की जयंती पर होने वाले इस महा सम्मलेन में एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुँचने का लक्ष्य तय किया गया है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने निवास स्थित समत्व भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग से सतना जिले में होने वाले कोल समाज के सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर अनुराग वर्मा से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि कोल समाज के लोगों को अधिकाधिक संख्या में बुलाया जाए। सम्मेलन का प्रचार-प्रसार बेहतर हो। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे 20 तारीख को सतना में समाज के प्रतिनिधियों के साथ भोपाल से वर्चुअली बैठक करेंगे। समाज के प्रमुख लोगों को अवश्य बुलाया जाए। उन्होंने रीवा संभाग और आसपास के जिलों के प्रमुख अधिकारियों से भी चर्चा की।