मध्यप्रदेश के धार ज़िले में नर्मदा नदी में सवारियों से भरी बस अचानक गिर गई। इस घटना में अभी तक 13 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही 16 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसा खलघाट के संजय सेतु पर हुआ। बस इंदौर से पुणे जा रही थी तभी नर्मदा नदी के पुल पर ब्रेक फेल हो गया। इससे बस नदी में जा गिरी।
खलघाट के एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि 13 शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि 16 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बहार निकाल लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि दुर्घटना के बाद बस के कुछ हिस्से बिखरे हुए थे और कुछ लोग तैरकर बाहर निकल आये जबकि अन्य की मौके पर ही मौत हो गई। बस में करीब 55 लोग सवार थे। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन कर रहे बचावकर्मियों ने बस में फंसे और नदी में डूबे लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
खल घाट में नर्मदा नदी से दुर्घटनाग्रस्त बस को बाहर निकाल लिया गया है।#khalghat#accident pic.twitter.com/tWoC2H1GGs
— JD Jansampark Indore (@jdjsindore) July 18, 2022
घटना पर सीएम शिवराज ने जताया दु:ख-
घटना से तुरंत बाद सीएम शिवराज ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि खरगोन के खलघाट में बस के खाई में गिरने से हुई दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
शिवराज बोले, दुर्घटना स्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है। खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे, मैं व संपूर्ण प्रदेश आपके साथ है। साथ ही सीएम ने मृतकों के परिवारजनों को सरकार की तरफ़ से 4-4 लाख रुपए की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की हैं।