Tamil Nadu Road Accident: तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले में एक फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया. जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे का CCTV विडियो भी सामने आया है. जिसमें साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकराकर आग़ के शोले में बदल गई.
वायरल वीडियो के मुताबिक, हादसे के दौरान सबसे पहले टक्कर मारने वाले ट्रक में से आग़ की तेज़ लपटे निकलनी शुरू हो गई थी. साथ ही फ्लाईओवर से नीचे गिरने वाले डंपर ने जिस ट्रक को टक्कर मारी थी, उसमें भी आग़ लग गई. इस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस प्रशासन सहित दमकलकर्मी भी पहुंचे और किसी तरह आग़ को काबू में किया गया.
पुलिस ने अपने बयान में मीडिया को बताया कि यह दर्दनाक हादसा धर्मपुरी के थोप्पुर घाट रोड पर हुआ है. जिसके सीसीटीवी वीडियो में एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आता नज़र आ रहा है, जो आगे चल रहे डंपर और दूसरी गाड़ियों को ज़ोरदार टक्कर मारता है.
ज़ोरदार टक्कर लगने के बाद डंपर आगे वाले ट्रक से टकराता है. इसके बाद डंपर नियंत्रण खोते हुए फ्लाईओवर से नीचे गिर जाता है. नीचे गिरने से पहले डंपर एक कार से भी टकराता है. इस भीषण हादसे में करीब 8 लोग घायल हो गए और साथ ही चार लोगों की जान चली गई.