MP News: मध्यप्रदेश के देवास से एक बड़ी खबर सामने आई हैं. दरअसल, यहां पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, देवास में बुधवार सुबह इंदौर-भोपाल बायपास पर एक डंपर ने डिवाइडर क्रॉस करते हुए लोडिंग ऑटो में टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत की खबर सामने आई हैं.
मरने वालों में ऑटो में सवार मां और दो बेटे भी शामिल हैं. डंपर की साफ़-सफाई करने वाले धर्मेंद्र की भी मौत हुई है. इस हादसे में सागर निवासी रानी, उनके दो बेटे ऋतिक और अंशू की जान चली है. तो वहीं, उनके पति सूरज और ऑटो ड्राइवर बब्लू गंभीर रूप से घायल है. ये हादसा बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच में हुआ है.
हादसे के तुरंत बाद डायल 100 को सूचना दी गई. फिर तुरंत मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंच गया. नाहर दरवाजा थाना प्रभारी आरसी कलथिया ने बताया कि डंपर शंकरगढ़ की तरफ से आ रहा था. घटनास्थल पर पहुंचकर पहले घायलों और शवों को अस्पताल पहुंचाया. क्रेन की मदद से वाहनों को सीधा किया गया. हादसे के बाद डंपर चालक भाग निकला. अब मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, लोडिंग ऑटो भोपाल से इंदौर की तरफ जा रहा था. ऑटो में दोनों पति-पत्नी, उनके दो बच्चे सवार थे. तभी रास्ते में एक डंपर डिवाइडर को पार करके सामने से आ रहें ऑटो में घुस गया. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि ऑटो-डंपर दोनों ही पलट गए.