पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में दुर्गा विसर्जन के दौरान माल नदी में अचानक आई बाढ़ से आठ लोगों की मौत हो गई है. घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इस हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए माल नदी पर पहुंचे थे. देखते ही देखते जलस्तर बढ़ने लगा. ऐसे में लोग वहीं फंस गए और करीब सात लोग डूब गए जबकि करीब 40 लोग लापता बताए जा रहे हैं.

राष्ट्रीय आपदा सुरक्षा बल की एक टीम मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. इस घटना के कई वीडियोस भी सामने आये है. वीडियो में कई लोग मूर्ति को विसर्जित करने के लिए नदी में प्रवेश करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अचानक नदी का जलस्तर बढ़ा, लहरें इतनी तेज उठीं कि कई लोग उसमें फंस गए और बहने लगे. जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और ये हादसा हो गया.

नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है. NDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. यह कोई पहली घटना नहीं है जब मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए हादसे में श्रद्धालुओं की मौत हुई हो, इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. ये घटनाएं प्रशासन की लापरवाही भी मानी जा सकती हैं.

बताया जाता है कि यह हादसा रात करीब नौ बजे हुआ था जब बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए नदी पर पहुचें थे. उस समय जल स्तर अधिक नहीं था इसलिए लोग नदी के अंदर चले गए. जलस्तर अचानक बढ़ा तो लोग पानी के बहाव में फंस गए, जिससे ये बड़ा हादसा हो गया.