महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में RPF के दो जवानों ने एक महिला और उसके मासूम बच्चे को भीड़-भाड़ वाली ट्रेन से गिरने पर किसी भी बड़े हादसे की चपेट में आने से बचा लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद से RPF के दोनों वीर जवानों की खूब तारीफ हो रही है. जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों लोगों की जान बचाई.
हाल ही में न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे दोनों जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर महिला और उसके बच्चे को मौत से बचा लिया. घटना मानखुर्द रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो की है. इस स्टेशन पर एक महिला अपने बच्चे के साथ ट्रेन में चढ़ती है, लेकिन भीड़ उसका संतुलन बिगाड़ देती है और वह स्टेशन के प्लेटफार्म पर ही ट्रेन से गिर जाती है.
जिसके बाद तुरंत RPF का एक जवान आगे बढ़कर बच्चे को ट्रेन की चपेट में आने से बचाता है. कुछ देर बाद आगे बढ़ रही ट्रेन से महिला भी गिर जाती है, उसे भी दूसरे जवान ने तुरंत भागकर बचा लिया. हैरानी की बात यह है कि RPF जवान खुद ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बचता है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है और इन दोनों जवानों की बहादुरी को हर कोई सलाम कर रहा है.