पंजाब में आम आदमी पार्टी की विधायक बलजिंदर कौर का अपने पति को थप्पड़ मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 10 जुलाई से वायरल एक वीडियो में तलवंडी साबो से दो बार की विधायक कौर को अपने पति सुखराज सिंह के साथ बहस करते हुए देखा जा सकता है। इसमें सुखराज सिंह अचानक खड़े हो जाते हैं और कौर को थप्पड़ मारना शुरू कर देते हैं।

वायरल वीडियो

वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि कई लोग पति-पत्नी के साथ घर के मेन गेट के अंदर खड़े हैं। ये लोग विधायक और उनके पति के बीच विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। बहस के चलते सुखराज सिंह अचानक खड़े हुए और उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिए। तभी वहां खड़े लोगों ने विधायक के पति को धक्का देकर अलग कर दिया। घटना के बाद उन्हें रोते हुए देखा जा सकता है। बठिंडा की तलवंडी साबो विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक बलजिंदर कौर के बीच पारिवारिक कलह चल रही है, जिसे लेकर यह विवाद है।

विधायक से कोई संपर्क नहीं-

इसे लेकर आप विधायक की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस बीच, पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है और घटना पर तत्काल संज्ञान लेंगी।

2019 में हुई थी शादी-

बलजिंदर कौर ने फरवरी 2019 में माझा इलाके से आम आदमी पार्टी की युवा शाखा के संयोजक सुखराज सिंह से शादी की थी। कौर ने 2009 में पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला से एम.फिल किया है। राजनीति में आने से पहले, वह माता गुजरी कॉलेज, फतेहगढ़ साहिब में अंग्रेजी की प्रोफेसर थी।