मंदसौर. एमपी में पति की शर्मनाक करतूत सामने आई है. उसने अपनी ही पत्नी को 4 साल तक 10 बाय 10 के कमरे में कैद रखा. कमरे में न लाइट था, न पंखा। दरवाजे पर लगी कुंडी जब मंदसौर महिला पुलिस ने खोली तो अंदर दर्दनाक मंजर दिखा। वहां बदबू इतनी कि दम घुट जाए। कोने में बैठी महिला ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। पति एक दिन छोड़कर खाना देता था। टॉयलेट के लिए कमरे में ही एक गड्‌ढा खोद रखा था। 

महिला को पति ने मानसिक बीमार बताकर 4 साल से कैद कर रखा था। पुलिस की मदद से महिला बाहर आई। दो दिन की काउंसिलिंग के बाद उसने पूरा सच सुनाया। यह मामला मंदसौर के नाहरगढ़ थाना इलाके के पिपलिया कराड़िया गांव का है। 10वीं तक पढ़ी यह महिला कभी छोटे-छोटे लोन देने वाला समूह चलाया करती थी। फिर उसके जीवन में एकएक ऐसा संकट आया कि पूरी जिंदगी ही बदल गई। ससुरालवालों ने उसे विक्षिप्त बताकर कमरे में बंद कर दिया। महिला को बंधक बनाने की सूचना किसी तरह विक्षिप्त आश्रय गृह पहुंची। पुलिस की मदद से महिला मुक्त हो पाई। 

मंगलवार को रतलाम जिले के खारवा गांव से महिला के पिता और भाई उसे लेने पहुंचे। पिता और भाई को देखकर महिला फूट-फूट कर रोने लगी। महिला के पिता ने बताया कि 17 साल पहले बेटी की शादी की थी। उसके दो बच्चे भी हैं। 4 साल पहले बेटी की तबीयत कुछ खराब हाे गई थी। बेटी मेरे पास थी तब दामाद आया और इलाज करवाने की बात बोलकर साथ ले गया। जब मैं बेटी का हाल जानने गया तो दामाद यह कहते हुए मारने दौड़ा कि यहां क्या है, जो दौड़े आते हो। उसके डर से मैंने वहां जाना छोड़ दिया।

मुझे गांववालों ने बताया था कि वह बेटी को बहुत बुरी तरह से रखता था। गांववालों ने कहा भी था- बेटी को ले जाओ। पर मैं क्या करता, मजबूर था, एक-दो बार गांव के बाहर से चला आया। वो कमरे में बंद रखता था। डर लगता था कि कहीं दामाद मुझे मार नहीं दे। पुलिस में जाने का मन हुआ पर बेटी के बच्चों का मुंह देखकर नहीं गया। पुलिस केस होता तो दामाद बच्चों को तकलीफ देता। यही सोचता रहा कि दामाद को कभी तो समझ में आएगा।

भाई ने बताया कि आज चार साल बाद बहन से मिला हूं। फोन करते तो कहते, सो रही है। कभी कहते, इलाज करवाने अस्पताल ले गए हैं। कुछ ज्यादा पूछते तो धमकाते थे। एक बार मिलने गया तो जीजा ने मुझे पत्थर मारकर भगा दिया। सास भी मेरी बहन पर बहुत अत्याचार करती थी। गांववाले बताते थे कि बहन को कमरे में बंद कर रखा है। एक बार गाड़ी लेकर अपनी बहन को लेने गए तो सास से भगा दिया। अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.