हैदराबाद के एक शख्स ने पिछले 12 महीनों में फूड डिलीवरी ऐप स्विगी के जरिए 6 लाख रुपये की इडली ऑर्डर की है। ऐप ने हर साल 30 मार्च को मनाए जाने वाले 'विश्व इडली दिवस' पर अपना विश्लेषण पेश किया है। विश्लेषण 30 मार्च, 2022 से 25 मार्च, 2023 तक की अवधि के लिए है। स्विगी ने दक्षिण भारतीय व्यंजन इडली की लोकप्रियता के बारे में दिलचस्प जानकारी मुहैया कराई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि हैदराबाद के एक उपयोगकर्ता ने पिछले साल सबसे अधिक संख्या में इडली का ऑर्डर दिया और इडली पर छह लाख रुपये खर्च किए। इस दौरान उन्होंने 8,428 प्लेट इडली का ऑर्डर दिया। आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में इडली के सबसे ज्यादा ऑर्डर किए जाते हैं।
इतना ही नहीं, ये स्विगी यूजर जहां भी जाता वहां से इडली मंगवाता था। स्विगी का कहना है, 'मैं जहां भी जाता हूं इडली मेरे साथ जाती है।' जिसमें बैंगलोर और चेन्नई जैसे शहरों में यात्रा करते समय दोस्तों और परिवार दोनों के लिए दिए गए ऑर्डर भी शामिल हैं।
इडली के लिए सबसे अधिक ऑर्डर देने वाले शीर्ष 5 शहर: बैंगलोर, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई और कोयम्बटूर। इडली ऑर्डर करने का सबसे लोकप्रिय समय: सुबह 8 से 10 बजे के बीच और चेन्नई, हैदराबाद, बैंगलोर, कोयम्बटूर और मुंबई के लोग रात के खाने के लिए भी अपनी थाली में इडली खाना पसंद करते हैं।
इडली प्रेमियों के लिए पसंदीदा विविधताएं: बैंगलोरवासी - रवा इडली, चेन्नई वाले - घी पोडी इडली, हैदराबाद - करमपोडी घी इडली, मुंबईकर - इडली वड़ा। हालांकि, इतने बड़े ऑर्डर और प्यार मिलने के बावजूद इडली शीर्ष स्थान हासिल करने में विफल रही। स्विगी इनसाइट्स के मुताबिक, मसाला डोसा के बाद स्विगी पर इडली सबसे ज्यादा ऑर्डर किया जाने वाला स्नैक आइटम है।