केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का एक ट्वीट सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हो रहा है। दरअसल स्मृति ईरानी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण के दौरान की एक तस्वीर क्लिक की थी। इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और जेपी नड्डा जैसे बीजेपी के बड़े नेता एक फ्रेम में नजर आ रहे हैं। हालांकि, स्मृति ईरानी द्वारा खींची गई तस्वीर का श्रेय किसी और को दिया गया। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी है।

स्मृति ईरानी ने 26 मार्च को अपने ट्विटर अकाउंट पर तस्वीर पोस्ट की। और कैप्शन में लिखा- मेरा परिवार, बीजेपी परिवार..! तस्वीर में पीएम मोदी समेत बीजेपी के अन्य दिग्गज नेता नजर आ रहे हैं। लेकिन उन्होंने जो फोटो क्लिक की उसका क्रेडिट न्यूज एजेंसी एएनआई को दिया गया है। स्मृति ईरानी ने रिएक्ट करते हुए ट्विटर पर लिखा- ''मैंने फोटो खींची, लेकिन इसका श्रेय ANI को मिला। उन्होंने एक उदास इमोजी भी शेयर किया। 

स्मृति ईरानी के ट्वीट का जवाब देते हुए एएनआई की संपादक स्मिता प्रकाश ने लिखा,बड़े बड़े शहर में ऐसी छोटी छोटी बातें होती हैं सेनोरिटा..! उन्होंने एक लव इमोजी भी शेयर किया। स्मिता प्रकाश के जवाब का जवाब देते हुए स्मृति ईरानी ने लिखा- सोचिए अगर पीटीआई ने एएनआई के लिए भी ऐसा ही किया होता तो..? इस पर स्मिता प्रकाश लिखती हैं- सॉरी, सभी सब्सक्राइबर्स को सुधरने को कहा गया है।