आईएएस दंपति दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम परिसर में डॉग को वॉक करवाने गए थे। लेकिन उसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आईएएस दंपति संजीव खिरवार और अनु दुग्गा का तबादला कर दिया। संजीव खिरवार और उनकी पत्नी अनु दुग्गा द्वारा त्यागराज स्टेडियम में सुविधाओं का दुरुपयोग करने की खबरों के बाद मंत्रालय ने यह कार्रवाई की है।
Hours after a news report regarding the misuse of facilities at Thyagraj Stadium by Sanjeev Khirwar & his wife Rinku Dugga, MHA has transferred both the AGMUT cadre IAS officers Sanjeev Khirwar & Rinku Dugga to Ladakh and Arunachal Pradesh from Delhi respectively: MHA order pic.twitter.com/teMHyNPwhw
— ANI (@ANI) May 26, 2022
गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, संजीव खिरवार को लद्दाख और उनकी पत्नी अनु दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश में स्थानांतरित कर दिया गया है। दोनों 1994 कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। एक कोच ने कहा, पहले हम रात 8.30 बजे तक प्रशिक्षण लेते थे, लेकिन अब हमें केवल शाम 7 बजे मैदान छोड़ने के लिए कहा जाता है ताकि अधिकारी अपने कुत्ते को घुमा सके। नतीजतन, हमारे प्रशिक्षण और व्यायाम की दिनचर्या बाधित हो गई थी।
क्या है मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से खिलाड़ियों को मैदान से जल्दी बाहर निकाला जा रहा है ताकि शाम को खिरवार स्टेडियम में डॉग वॉक करा सकें। इससे पहले खिलाड़ी त्यागराज स्टेडियम में रात साढ़े आठ बजे तक अभ्यास करते थे, लेकिन खिरवार ने उन्हें शाम सात बजे मैदान से बाहर निकलने को कह दिया।
इससे खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा था। संजीव खिरवार ने माना कि कभी-कभी वह यहां कुत्ते के साथ घूमने आते हैं। लेकिन उन्होंने अभ्यास में बाधा डालने के आरोप से इनकार किया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी कुत्ते को ट्रैक पर नहीं छोड़ा और कभी किसी खिलाड़ी को बाहर जाने के लिए नहीं कहा है।
सरकार ने तुरंत कार्रवाई की-
इस बीच दिल्ली सरकार ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए कहा कि अब से दिल्ली के सभी स्टेडियम रात 10 बजे तक खुले रहेंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक ट्वीट कर यह बात कही। उन्होंने लिखा कि स्टेडियम के जल्दी बंद होने से खिलाड़ियों को काफी असुविधा हो रही थी।
उसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी 10 बजे के बाद ही सभी स्टेडियमों को बंद करने का आदेश दिया। जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दिक्कत न हो। त्यागराज स्टेडियम 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बनाया गया था।