IAS अधिकारी टीना डाबी ने आखिरकार IAS प्रदीप गावंडे से परिवार के सदस्यों और निजी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली है। इस जोड़े ने शुक्रवार (22 अप्रैल) को राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक होटल में शादी की। इस शादी में खास बात यह रही कि, बाबा साहेब अबंडेकर की तस्वीर को देखकर, उन्होंने एक-दूसरे को माला पहनाई और शादी की शपथ ली।
सोशल मीडिया पर उनकी शादी की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। टीना डाबी ने अपने वेडिंग लुक को बेहद सिंपल रखा है। उन्होंने सफेद और सुनहरे रंग की साड़ी के साथ-साथ बालों में माला भी पहनी है। जिसमें वे बेहद खूबसूरत लग रही है। तो वहीं प्रदीप गावंडे भी सफेद कुर्ता-पायजामे में नजर आए।
टीना 2016 राजस्थान कैडर की IAS हैं जबकि प्रदीप 2013 बैच के IAS अधिकारी हैं। टीना की ये दूसरी शादी है और प्रदीप की यह पहली शादी है। दोनों की उम्र में 13 साल का अंतर है। इस जोड़े ने मार्च में सगाई की थी, उस समय भी ये दोनों सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चित रहें थे।
प्रदीप महाराष्ट्र के मूल निवासी हैं और चुरू जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। यूपीएससी की परीक्षा पास करने से पहले उन्होंने एमबीबीएस किया था और वे डॉक्टर भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने यूपीएससी क्लियर किया और IAS अधिकारी बन गए। प्रदीप वर्तमान में राजस्थान में पुरातत्व और अभिलेखागार के निदेशक हैं।
टीना और प्रदीप की प्रेम कहानी भी एक फिल्म की तरह है। एक इंटरव्यू में दोनों की मुलाकात कैसे हुई, इस बारे में बात करते हुए टीना ने बताया, प्रदीप और मैं मई 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान स्वास्थ्य विभाग में साथ थे। पहले तो हम अच्छे दोस्त बने। फिर एक दूसरे के बारे में जानने की कोशिश की। बाद में, उन्होंने एक-दूसरे के परिवारों से मुलाकात की और उनके बारे में जाना। यह सब एक साल तक चला और फिर हमने शादी करने का फैसला किया।