ICC के एलीट अंपायर पैनल का हिस्सा रहे पाकिस्तानी अंपायर असद रऊफ का लाहौर में निधन हो गया है। असद रऊफ का दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ। रऊफ को बुधवार को लाहौर में अपनी दुकान से लौटने के तुरंत बाद दिल का दौरा पड़ा। वह 66 साल के थे।
असद रऊफ साल 2006 से 2013 तक लगातार सात साल आईसीसी के एलीट अंपायर पैनल में रहे थे। असद रऊफ 231 ने इंटरनेशनल मुकाबलों में अंपायरिंग की है। इसमें 64 टेस्ट, 28 टी-20 और 139 वनडे मुकाबले शामिल रहे हैं।
असद रऊफ पर मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग में शामिल होने का आरोप भी लगा था। साल 2016 में रऊफ को भ्रष्टाचार का दोषी पाया गया था। जिसके कारण उन्हें पांच साल के लिए क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
मुंबई पुलिस ने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में उन्हें एक आरोपी बनाया। तब रऊफ इस टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर रहे थे। वह तब आईपीएल को बीच में ही छोड़कर भारत से चले गए थे और बाद में चैंपियंस ट्रॉफी से भी हट गए थे। उन्हें इसके बाद आईसीसी एलीट पैनल से बाहर कर दिया गया था।