आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2022 का दूसरा सेमीफाइनल पिछले बुधवार को भारतीय अंडर-19 टीम और ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम के बीच एंटीगुआ के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया. इस हाई वोल्टेज मैच में भारतीय टीम ने विपक्षी टीम को 96 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

कूलिज में इस बड़ी जीत के अलावा टीम इंडिया ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम लगातार चार बार आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है. टीम इंडिया ने सबसे पहले साल 2000 में फाइनल का टिकट बुक किया था।

तब से टीम साल 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और अब 2022 में फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। इस दौरान टीम इंडिया ने 2000 और 2008, 2012 और 2018 में आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता, जबकि 2006, 2016 और 2020 के फाइनल में उन्हें निराशा हाथ लगी।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल 5 फरवरी को खेला जाएगा. फाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड की अंडर-19 टीम से होगा। भारतीय युवा अगर इस मैच में विपक्ष को मात देने में कामयाब हो जाता है तो यह भारत का पांचवां आईसीसी अंडर-19 विश्व कप खिताब होगा।