भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह पुलिस के तमाम आला अफसरों और गृह विभाग के अधिकारियों को साफ स्वरों में कहा कि मप्र में किसी भी तरह की सांप्रदायिक तनाव या हिंसा को बर्दाश्त नही किया जाएगा, इसके लिये पुलिस अपना खुफिया तंत्र मजबूत करे और शांति समितियों की बैठकों का दायरा सिर्फ जिला या थानास्तर तक ही नहीं बल्कि मोहल्ला स्तर तक तत्काल बाँट दे।

मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर कानून व्यवस्था की समीक्षा में कहा कि सबसे पहली जरूरत यह भी है कि मप्र में हर महिला, गरीब, अजा-जजा वर्ग खुद को बेहद सुरक्षित महसूस करे। इसके लिये सुरक्षा तंत्र को सतर्क और संवेदनशील बनाया जाए। मप्र के हर जिले व नगर में माफिया, गुंडों पर नकेल कसी जाए तथा नक्सलियों और डकैतों पर भी अंकुश लगाया जाए।

पीएम को अवगत कराएंगे सीएम

जानकारी के मुताबिक सीएम ने हाल में भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र से पकड़े गये चार संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकवादियों के मामले में अब तक की कार्रवाई के बारे में पुलिस अधिकारियों से विस्तार से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में वे पीएम को भी अवगत कराएंगे। इस मामले में गहराई से आगे तक तफ्तीश करने के निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि पुलिस को अब आने वाले समय में बेहद सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि लगातार त्योहारों का मौसम होगा। इसके अलावा शहरों में रहने वाले किराएदारों का रिकार्ड भी रखा जाए। पुलिस यह तय करे कि मकान मालिक इसका ब्योरा दें।