गौतम नगर थाना क्षेत्र स्थित जनता क्वार्टर में 12वीं कक्षा के छात्र ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि उसका मोबाइल खराब हो गया था। उसने पिता से मोबाइल सुधरवाने का कहा था। पिता ने दो दिन बाद मोबाइल ठीक कराने का आश्वासन उसे दिया था। अनुमान है कि मोबाइल ठीक नहीं होने से दुखी होकर उसने यह कदम उठाया है।
एएसआई मकसूद खान ने बताया कि अभिनव राठौर पिता भगवान सिंह राठौर (20) जनता क्वार्टर, नारियलखेड़ा में रहता था। वह 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। उसने प्रायवेट परीक्षा की तैयारी की थी। अभिनव परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी दो बहने हैं और मां गृहणी हैं। पिता एक शेयर ब्रोकर के आफिस में नौकरी करते हैं। अभिनव के पास एक एन्ड्रायड मोबाइल था। कुछ दिन पहले वह खराब हो गया। मोबाइल को रिपेयर कराने के लिए अभिनव बीते दो दिनों से पिता से पैसे मांग रहा था। गुरुवार को भी पिता के आफिस से आने के बाद में उसने मोबाइल रिपेयर कराने की बात कही। जिसके बाद में अभिनव अपने कमरे में गया और फांसी लगा ली। रात करीब साढ़े दस बजे परिजन ने अभिनव का शव फंदे पर लटका देखा था। परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कामय कर जांच शुरू कर दी है।
प्रिंटिंग प्रेस में कपड़े फंसे, अधेड़ की मौत
भोपाल। एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक अखबार की प्रिंटिंग प्रेस में अखबार की छपाई करते समय अधेड़ उम्र का कर्मचारी मशीन में कपड़े फंसने से चपेट में आ गया। गले में कपड़े का फंदा बनने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आज पीएम के बाद परिजन को शव सौंपा जाएगा। पुलिस के अनुसार तुलाराम बाचपेयी (56) अशोका गार्डन में रहते थे। वह एक अखबार की प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह अखबार की छपाई का काम कर रहे थे। इसी बीच उनकी जेकेट मशीन की चपेट में आई और उनका हाथ मशीन में फंस गया। मशीन में कपड़े फसने के कारण उनके गले में फंदा लग गया था और उनकी मौत हो गई।