जहां से हमें मदद की कोई उम्मीद न हो और वहां से मदद मिल जाये तो फ़िर इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है। कुछ ऐसा ही गुजरात के इस छात्र के साथ हुआ। जी हां..! एकता नगर से वडोदरा के लिए एक छात्र की ट्रेन रद्द होने के बाद, भारतीय रेलवे ने मामले को गंभीरता से लिया और सत्यम नाम के एक युवक के लिए प्राइवेट कैब बुक की, ताकि वह वडोदरा से चेन्नई के लिए ट्रेन पकड़ सके।

आईआईटी मद्रास के इंजीनियरिंग छात्र सत्यम ने अपने कॉलेज लौटने के लिए एकता नगर से वडोदरा के लिए एक ट्रेन बुक की थी, लेकिन रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण ट्रेन रद्द हो गई थी। इसलिए, रेलवे विभाग ने छात्र की मदद करने का फैसला किया। रेलवे ने सत्यम के लिए एकतानगर से वडोदरा तक के लिए एक कैब बुक की, ताकि वह वडोदरा से चेन्नई तक यात्रा कर सके।

सत्यम ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश साझा कर रेलवे अधिकारियों को उनकी मदद के लिए धन्यवाद दिया। सत्यम ने कहा, आज मैं अपनी यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरे रेलवे विभाग का आभारी हूं। मैंने जो ट्रेन बुक की थी, वह सुबह 9:15 बजे एकतानगर से निकलने वाली थी। लेकिन तेज बारिश के बाद रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण अंतिम समय में ट्रेन को रद्द कर दिया गया था।

सत्यम बोले, उसके बाद एकतानगर के रेलवे स्टाफ ने मेरे लिए कैब बुक कर मुझे वडोदरा पहुचनें में मदद की। इससे पता चलता है कि रेलवे प्रत्येक यात्री को कितना महत्व देता है। कैब का ड्राइवर भी अच्छा था। यहां तक ​​कि ड्राइवर ने वडोदरा से मेरी ट्रेन पकड़ने का काम एक चैलेंज के तौर पर लिया। जिसके चलते ही मै सफ़र पूरा कर पाया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने रेलवे द्वारा की गई इस मदद की सराहना की और लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, गुड जॉब, रेलवे को सलाम..! तो वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, लड़के की मदद करने वाले हर रेलवे कर्मचारी को सलाम।