IMD Alert: दिल्ली एनसीआर (Delhi-NCR) के मौसम में तेजी से बदलाव जारी है. भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, धूल भरी आंधी के चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है. आज सुबह धूल भरी हवा और आंधी के कारण दृश्यता भी काफी कम रही. 

आईएमडी (IMD) के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में बुधवार सुबह बादल छाए रहने से मौसम बहुत सुहावना बना रहा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Central Pollution Control Board) के मुताबिक, दिल्ली का क्वालिटी इंडेक्स सुबह- सुबह 395 पर था, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. 

फिर बुधवार सुबह 7 बजे के बाद एक्यूआई 406 को पार कर गया. दिल्ली में मंगलवार को शाम चार बजे तक एक्यूआई 254 मापा गया था. वायु प्रदूषण के स्तर में अचानक वृद्धि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकती है.

इन इलाकों में बारिश की संभावना-

मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन में धूल भरी आंधी या तेज हवाओं के साथ सामान्य बारिश होने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य-दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में बारिश की संभावना है. 

इसके अलावा एनसीआर के लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, खरखौदा बड़ौत, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, सोनीपत, रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में भी औसत बारिश हो सकती है. .

ऐसे जानें वायु गुणवत्ता की स्थिति-

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच औसत, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है.