Manipur News: नॉर्थ ईस्ट के सूबे मणिपुर में तैनात असम राइफल्स के एक जवान ने इंडो-म्यांमार बॉर्डर के पास कथित तौर पर ख़ुद को गोली से उड़ाने से पहले अपने छह सहयोगियों पर फायरिंग कर दी. हालांकि, बुधवार यानी 24 जनवरी की सुबह हुई इस घटना के बाद असम राइफल्स की तरफ से साफ किया गया कि इस हमले का सूबे में जारी हिंसा से कोई लेना-देना नहीं है.
इस घटना पर मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के ज़रिये बताया कि दक्षिण मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के करीब तैनात असम राइफल्स बटालियन में असम राइफल्स के एक जवान के जरिए गोलीबारी की घटना सामने आई है. जिसमें जवान ने अपने सहयोगियों पर गोलीबारी की, जिसमें उनमें से छह घायल हो गए. वे सभी घायल जवान गैर-मणिपुरी हैं. हालांकि, इस गोलीबारी के बाद हमलावर जवान ने खुद को भी गोली मार ली.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों को सैन्य अस्पताल ले जाया गया है. फ़िलहाल, सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है. मणिपुर पुलिस ने बताया कि इस घटना को राज्य में चल रहे संघर्ष से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. इस तथ्य को देखते हुए कि घायलों में से कोई भी मणिपुर से नहीं है. तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
बता दें कि असम राइफल्स की सभी बटालियनों में मिश्रित वर्ग संरचना है, जिसमें मणिपुर के अलग-अलग समुदायों के लोग भी शामिल हैं. मणिपुर में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए समाज के ध्रुवीकरण के बावजूद सभी कर्मी एक साथ रह रहे हैं और काम कर रहे हैं. सूत्रों की मानें तो यह घटना बुधवार (24 जनवरी) सुबह उस समय हुई जब जवान चुराचांदपुर स्थित अपने घर से छुट्टी बिताने के बाद लौटा था.