भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन टी- 20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला इंदौर में खेला जाएगा। यह मुकाबला 14 जनवरी को है। क्रिकेट के इस सुपर संडे के लिए दोनों टीमें इंदौर पहुंच गईं।
शुक्रवार को दोनों टीम एयरपोर्ट पहुँची। जहाँ से खिलाड़ी होटल के लिए रवाना हुए। अपने चहेते खिलाड़ियों के लिए इंदौर में जबर्दस्त उत्साह दिखा और टीम के स्वागत को फैंस आतुर नज़र आये।
टीम इंडिया ने पहला मुकाबला जीत कर सीरीज़ में बढ़त हासिल कर ली है। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले को टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीता था। पहले मुकाबले में शिवम दुबे ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जीतेश शर्मा ने भी उपयोगी पारी खेली थी।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में की पिच की बात करें तो ये बल्लेबाजों के लिए काफी ज्यादा अच्छी मानी जाती है। ऐसे में टीम इंडिया में मौजूद खिलाड़ियों के बल्ले से खूब रन बरस सकते हैं। गेंदबाजों के लिए यहां ज्यादा कुछ रहने वाला नहीं है।