टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टीम इंडिया की निगाहें 8 साल बाद इंग्लैंड की सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतने पर होगी। विराट कोहली के लिए सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला काफी अहम होगा। इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया के वेस्ट इंडीज दौरे पर उन्हें शामिल नहीं किया गया है, ऐसे में विराट के लिए भी यह मुकाबला फाइनल चांस की तरह होगा।
इससे पहले 2014 में भारत ने इंग्लैंड को वन डे सीरीज में उसकी सरजमीं पर हराया था। तब 5 मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 3-1 से मात दी थी। सीरीज का एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।
टीम इंडिया के साथ पूरे क्रिकेट फैंस की निगाहें इस मुकाबले में पूर्व कप्तान विराट कोहली पर टिकी हैं। खराब फॉर्म के कारण विराट को वेस्ट इंडीज दौरे से बाहर करने और बनाए रखने को लेकर बड़ी बहस चल रही है। कहा जा रहा है कि अगर इस सीरीज में विराट अच्छा नहीं खेल पाते हैं तो आगे भारतीय टीम में उनका बने रहना मुश्किल हो जाएगा।
टीम इंडिया के बल्लेबाज़ों ने दूसरे वन डे में निराशाजनक प्रदर्शन किया था। ऐसे ने टीम इंडिया को यह मुकाबला जीतना है तो उसके बल्लेबाज़ों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर भी बतौर बल्लेबाज बड़ी जिम्मेदारी होगी।