टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जानी है। सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को मोहाली में होगा। इस मुकाबले से पहले ही अफगान टीम को एक तगड़ा झटका लगा है। 

अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान इस अहम सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। राशिद खान के टी-20 सीरीज से बाहर होने की पुष्टि अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जदरान की ओर से की गई है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक़ राशिद खान ने कुछ समय पहले ही लोअर बैक की सर्जरी कराई है और अभी से उससे रिकवर नहीं हो पाए हैं। हालांकि भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज की स्क्वाड में राशिद खान का नाम भी शामिल किया गया था। 

इब्राहिम ज़दरान ने कहा कि राशिद खान अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं लेकिन वे टीम के साथ ट्रैवल कर रहे हैं। मैं उम्मीद कर रहा हूं कि वे जल्द से जल्द पूरी तरह से फिट हो जाए। हमें तीन मैचों की इस टी-20 सीरीज में उनकी कमी खलेगी।