टीम इंडिया ने टी20 में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब 25 सितंबर को हैदराबाद में तीन मैचों की टी- 20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। वहीं दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। 

इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने  न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल को पीछे छोड़ दिया। रोहित अपनी पारी का पहला छक्का लगाते ही मार्टिन गुप्टिल ने 172 छक्कों से आगे निकल गए। रोहित ने अपनी 46 रनों की पारी में 4 छक्के जड़े थे।

इस मुकाबले को टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीता। मैदान गीला होने की वजह से टॉस में दो घंटे 45 मिनट की देरी हुई। यह मैच आठ-आठ ओवर का कर दिया गया था। पावरप्ले दो ओवर का था और एक गेंदबाज को सिर्फ दो ओवर ही फेंकने थे।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में पांच विकेट पर 90 रन बनाए। जवाब में भारत ने 7.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू वेड ने 20 गेंदों में 43 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, एरॉन फिंच ने 15 गेंदों में 31 रन बनाए। अक्षर पटेल ने दो विकेट झटके। जवाब में भारत ने 7.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 20 गेंदों में 46 रन की नाबाद पारी खेली। दिनेश कार्तिक ने आठवें ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर मैच फिनिश किया। एडम जैम्पा ने तीन विकेट झटके।