बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट दिल्ली में शुक्रवार से खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक चार विकेट झटक ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर ली है। लंच के समय टीम इंडिया ने 88 रनों के स्कोर पर ही 4 विकेट गँवा दिए हैं। विराट कोहली 14 और रविंद्र जडेजा 15 रनों पर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने 4 विकेट झटके। 

दूसरे दिन भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के रूप में पहला झटका लगा। राहुल 17 रन बनाकर नेथन लायन की गेंद पर आउट हो गए। केएल राहुल के बाद नेथन लायन ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को भी चलता किया है। रोहित 32 रन के स्कोर पर बोल्ड हो गए।

अपना 100वां टेस्ट खेल रहे चेतेश्वर पुजारा खाता भी नहीं खोल पाए और एलबीडब्ल्यू हो गए। ये लियोन का तीसरा शिकार था। इसके बाद श्रेयस अय्यर  को भी लियोन ने 4 रन के निजी स्कोर पर चलता किया है।

इससे पहले मेहमानों की पहली पारी 263 रनों पर सिमट गई। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। अश्विन और जडेजा को तीन-तीन विकेट मिले।

दिन का खेल ख़त्म होने तक टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान  के 21 रन बना लिए थे। कप्तान रोहित शर्मा 13 और उनके जोड़ीदार केएल राहुल 4 रन बनाकर नाबाद रहे थे । इस तरह पहली पारी में अब टीम इंडिया 242 रन पीछे थी।