भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने पारी और 132 रन से जीत लिया है। नागपुर में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही भारत ने चार मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहली पारी में 223 रन की बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की सिर्फ 91 रन पर समेट दिया। 

दूसरी पारी में मेहमान बल्लेबाज़ भारतीय गेंदबाज़ों के आगे बेबस दिखे और एक के बाद विकेट गंवाते रहे। रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में पांच ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा। रविंद्र जडेजा ने दो शिकार किये।  

कप्तान रोहित शर्मा के अलावा  भारत के लिए रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन इस मैच के हीरो रहे। जडेजा ने सात विकेट लिए और 70 रन बनाए। वहीं, अश्विन ने 23 रन बनाने के साथ आठ विकेट झटके। स्टीव स्मिथ 25 रन बनाकर नाबाद रहे। 

इससे पहले तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के 177 रनों के जवाब में टीम इंडिया की पहली पारी 400 रन पर ख़त्म हुई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 223 रन की बढ़त मिली थी। टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल ने 84 रनों की पारी खेली वहीं  अपना पहला टेस्ट खेल रहे टॉड मर्फी ने सात विकेट झटके थे। मर्फी के अलावा पैट कमिंस ने दो और नॉथन लायन ने एक विकेट लिए।

इससे पहले दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने सात विकेट खोकर 321 रन बना लिए थे। दूसरे दिन का आकर्षण टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का शतक रहा। रोहित ने लंच के बाद अपना शतक पूरा किया। यह रोहित शर्मा के टेस्ट करियर का नवां शतक रहा। रोहित ने अपना शतक 171 गेंदों में पूरा किया और अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के लगाए। 

रोहित के अलावा रविंद्र जडेजा ने बल्ले से भी जलवा दिखाते हुए नाबाद पचासा ठोका था। अक्षर पटेल भी अर्धशतक बनाया। खेल खत्म होने के समय जडेजा 66 और अक्षर 52 रन बनाकर नाबाद थे। पहले दिन ही भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को 177 रन पर समेटा दिया था।