टीम इंडिया ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली है। सोमवार को चौथे दिन टीम इंडिया ने 192 रन के टारगेट को पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली।
रांची टेस्ट में जीत के बाद सोशल मीडिया में जहाँ टीम इंडिया की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं वहीं मध्यप्रदेश के इंदौर के क्रिकेटर रजत पाटीदार का जमकर मज़ाक उड़ रहा है। सोशल मीडिया पर यह कहा जा रहा है कि इस युवा क्रिकेटर ने घरेलू मैदान पर मिले बड़े मौके को गँवा दिया।
रजत को सीरीज़ के पहले टेस्ट के बाद शामिल किया गया था। इसके बाद रजत ने तीन टेस्ट की 6 पारियों में केवल 58 रन ही बनाये। दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 32 रनों की पारी रजत का सबसे बड़ा स्कोर साबित हुआ। यहाँ तक कि दो पारियों में तो रजत खाता भी नहीं खोल पाए।
गौरतलब है कि रांची टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने भारत को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ने मिलकर 84 रन जोड़े। इसके बाद टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई और 120 रन तक पहुंचने से पहले ही भारतीय टीम ने 5 विकेट खो दिए। लेकिन शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला और टीम को जीत दिलाई। शुभमन गिल ने नाबाद 52 रन बनाए। इसके साथ ही ध्रुव जुरेल ने भी 39 रनों की नाबाद पारी खेली। पहली पारी में भी 90 रनों की बेमिसाल पारी खेलने वाले ध्रुव प्लेयर ऑफ़ द मैच घोषित किये गए