राजकोट टेस्ट में टीम इंडिया की पहली पारी 445 रन पर खत्म हुई। भारतीय टीम ने दूसरे दिन की शुरुआत 5 विकेट पर 326 रन की बढ़त के साथ की। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जल्द ही पवेलियन की ओर रुख कर गए। लेकिन इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया। ध्रुव ज्यूरेल के अलावा रवि अश्विन और जसप्रीत बुमरा ने छोटी लेकिन अहम पारियां खेलीं।
331 रन के स्कोर पर भारतीय टीम को छठा झटका लगा। कुलदीप यादव 4 रन बनाकर जिमी एंडरसन का शिकार बने। इसी स्कोर पर रवींद्र जडेजा भी चलते बने। रवींद्र जडेजा को जो रूट ने आउट किया। भारतीय ऑलराउंडर ने 225 गेंदों पर 112 रनों की पारी खेली। इसके बाद ध्रुव ज्यूरेल और रवि अश्विन के बीच अच्छी साझेदारी हुई। ध्रुव ज्यूरेल 104 गेंदों पर 46 रन बनाकर रेहान अहमद की गेंद पर आउट हुए। रविचंद्र अश्विन 37 रन बनाकर रेहान अहमद का शिकार बने। जसप्रीत बुमरा ने 26 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
इससे पहले इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। खेल के पहले दिन में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाया। भारतीय कप्तान ने 196 गेंदों पर 131 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही सरफराज खान ने डेब्यू टेस्ट में 62 रन की यादगार पारी खेली।
जहां तक इंग्लैंड के गेंदबाजों की बात है तो मार्क वुड सबसे सफल गेंदबाज रहे। मार्क वुड ने टीम इंडिया के 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। रेहान अहमद को 2 सफलताएं मिली। जिमी एंडरसन, टॉम हार्टले और जो रूट को 1-1 सफलता मिली।