इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ के शुरुआती दो मुकाबलों में विराट कोहली नज़र नहीं आएंगे। विराट ने निजी कारणों के चलते अपना नाम वापस ले लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विराट कोहली को लेकर एक प्रेस रिलीज़ जारी की है, जिसमें विराट के नाम वापस लेने के कारणों का खुलासा किया गया है।
BCCI ने प्रेस रिलीज़ में बताया कि विराट कोहली ने निजी कारणों का हवाला देते हुए बीसीसीआई से इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों से नाम वापस लेने की गुज़ारिश की है।
BCCI के मुताबिक़ विराट ने कप्तान रोहित शर्मा, टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स से बात की और ज़ोर देकर कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है, कुछ निजी हालात उनकी मौजूदगी और अविभाजित ध्यान का मांग करते हैं।
रिलीज़ में इस बात का भी जिक्र किया गया कि बीसीसीआई जल्द ही कोहली के रिप्लेसमेंट का एलान करेगी। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम इंडिया घोषित हो चुकी थी, जिसमें विराट कोहली का नाम भी शामिल था, लेकिन अब स्टार भारतीय बैटर ने अपना नाम वापस ले लिया है, जिसके चलते जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा होगी।