इंग्लैंड के खिलाफ़ 25 जनवरी से शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों के लिए BCCI ने इंदौर के रजत पाटीदार को टीम में शामिल किया है। रजत अब टीम में विराट कोहली की जगह लेंगे। विराट कोहली निजी कारणों से पहले दो टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। 

रजत आईपीएल में विराट की टीम RCB में उनके साथी भी हैं। नाम की घोषणा होने के बाद हैदराबाद में पहले दो टेस्ट के लिए रजत पाटीदार भी टीम इंडिया से जुड़ गए हैं। रजत पाटीदार को उनकी शानदार फॉर्म का फायदा मिला है।

रजत पाटीदार ने इंडिया ए की ओर से खेलते हुए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 151 रन की पारी खेली। रजत पाटीदार ने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर इंडिया ए के लिए 111 रन की पारी भी खेली थी। रजत का बेहतरीन फॉर्म ही उनको टीम इंडिया में एंट्री दिलाने में कामयाब रहा।

विराट कोहली की जगह लेने की रेस में सरफराज खान का नाम भी शामिल था। लेकिन सरफराज खान अभी इंडिया ए के साथ ही बने रहेंगे। ये दावा भी किया जा रहा था कि चेतेश्वर पुजारा टीम में विराट कोहली की जगह ले सकते हैं। पुजारा ने रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म दिखाया और हाल ही में दोहरा शतक लगाने में कामयाब रहे थे।