श्रीलंका के हाथों दूसरे टी-20 मुकाबले में मिली हार के बाद तीनों मैचों की सीरीज में दोनों ही टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। अब सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को राजकोट में खेला जाएगा। राजकोट का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में है। जिसे देखते हुए टीम इंडिया के लिए अच्छा चांस है।
राजकोट में टीम इंडिया ने 4 में से तीन टी- 20 मुकाबले जीते हैं जबकि एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया यहां ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका को हरा चुकी है। जबकि 2017 में न्यूजीलैंड से भारत को 40 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
राजकोट में भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाए हैं। उन्होंने यहां 3 इंटरनेशनल मैचों में 98 रन बनाए हैं। इस मामले में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने 2 मैचों में 94 रन बनाए हैं। रोहित और कोहली दोनों ही इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं।
गौरतलब है कि दूसरे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हराया है। इसके साथ ही श्रीलंकाई टीम ने तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में भारत 190 रन ही बना सका था।