Independence Day 2023 Live: आज देश 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले से समारोह का नेतृत्व कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहरा दिया है. ये लगातार 10वीं बार है जब लाल किले पर पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया है.

लाल किले पर जाने से पहले पीएम मोदी दिल्ली के राजघाट पहुंचे. यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की. PM मोदी ने लाल किले पर गार्ड ऑफ ऑनर का भी निरीक्षण किया.

इस 77वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ध्वजारोहण के बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा हुई. इसके बाद लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी का संबोधन शुरू हो गया. उन्होंने कहा, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और अब जनसंख्या के मामले में भी अग्रणी देश. इतना बड़ा देश, मेरे परिवार के 140 करोड़ सदस्य आज स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं. मैं भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले सभी बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

देश मणिपुर के लोगों के साथ- PM मोदी

मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी बोले, मणिपुर में पिछले दिनों हिंसा का दौर चला. कई लोगों को अपना जीवन खोना पड़ा, मां-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ. लेकिन, पिछले कुछ दिनों से लगातार शांति की खबरें आ रही हैं. देश मणिपुर के लोगों के साथ है. लोग शांति के पर्व को आगे बढ़ाए. शांति से ही रास्ता निकलेगा. केंद्र और राज्य सरकार शांति बनाए रखने के लिए भरपूर प्रयास कर रही और करती रहेगी.

प्राकृतिक आपदाओं पर PM मोदी बोले-

प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा, इस बार प्राकृतिक आपदा ने देश के कई हिस्सों में अकल्पनीय संकट पैदा कर दिया है. मैं इसका सामना करने वाले सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. राज्य और केंद्र सरकार मिलकर उन सभी संकटों से मुक्त होकर तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ेंगी, ये विश्वास दिलाता हूं.

उन्होंने आगे कहा, जैसा सौभाग्य आज देश के नौजवानों को मिला है, ऐसा सौभाग्य शायद ही किसी को मिलता है. हमें इसे गंवाना नहीं चाहिए. आने वाला समय टेक्नोलॉजी से प्रभावित रहने वाला है. हमारे छोटे-छोटे शहर और कस्बे आबादी में छोटे हो सकते हैं लेकिन उनका सामार्थ्य किसी से कम नहीं है. देश में अवसरों की कमी नहीं है. आप जितने अवसर चाहेंगे ये देश उतने अवसर देने का सामार्थ्य रखता है.

10 सालों का हिसाब देशवासियों को दे रहा हूं- PM मोदी

पीएम मोदी बोले, मैं पिछले 100 सालों की बात इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मैं देख रहा हूं कि देश के सामने एक बार फिर अवसर है. अभी हम जिस युग में जी रहे हैं इस युग में हम जो करेंगे, जो कदम उठाएंगे और एक के बाद एक जो निर्णय लेंगे, वह स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा.

उन्होंने बताया कि हम 2014 में वश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर थे. आज हम 5वें नंबर पर पहुंच चुके हैं. यह ऐसे ही नहीं हुआ हैं. जब भ्रष्टाचार के राक्षस ने देश को अपनी गिरफ्त में ले लिया था तब हमने इसे रोका और एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई. मैं 10 सालों का हिसाब देशवासियों को दे रहा हूं. पहले गरीबों का घर बनाने के लिए 90 हजार करोड़ खर्च होता था. आज चार लाख करोड़ खर्च हो रहा है. पिछले साढ़ें 5 साल के कार्यकाल में 13.50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए.

'विश्वकर्मा योजना' लॉन्च करेंगे- PM मोदी

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि अगले महीने पारंपरिक कौशल वाले लोगों के लिए 'विश्वकर्मा योजना' लॉन्च करेंगे. विश्वकर्मा योजना में 15 हजार करोड़ रुपये लगाएंगे. हमनें आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 हजार करोड़ रुपये लगाए.

नए संसद भवन का जिक्र करते हुए लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी बोले, 25 साल से देश में चर्चा चल रही थी कि नया संसद भवन बनेगा. यह मोदी है जिसने समय के पहले संसद बनाकर रख दिया. यह एक ऐसी सरकार है जो काम करती है, जो निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करती है.

उन्होंने कहा, ये नया भारत है. यह एक ऐसा भारत है जो आत्मविश्वास से भरा है. ये भारत ना रुकता है, न थकता है, न हंफ्ता है और न ही हारता है. पूरी दुनिया को मंहगाई ने दबोच रखा है लेकिन भारत ने महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए भरपूर प्रयास किए. हमने देश में महंगाई पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाए हैं और इस दिशा में हमारा प्रयास जारी रहेगा.

लाल किले से आपका आर्शीवाद मांगने आया हूं- PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, मेरा सपना अब गांव में दो करोड़ दीदी को लखपति बनाने का है. इसलिए हम नई योजना के बारे में सोच रहे हैं. एग्रीकल्चर फील्ड में भी टेक्नोलॉजी को बढ़ाएंगे. ड्रोन की सर्विस उपलब्ध कराने के लिए हम इन्हें ट्रेनिंग देंगे. देश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है. देश आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है.

उन्होंने आगे कहा, सपने अनेक है, संकल्प साथ है, नीतियां भी स्पष्ट हैं. लेकिन, कुछ सच्चाइयों को हमें स्वीकार करना होगा. मैं आज लाल किले से आपका आर्शीवाद मांगने आया हूं. आज कुछ चीजों को हमें गंभीरता से लेना होगा. 2047 में जब देश आजादी के 100 साल का जश्न बनाएगा, उस समय दुनिया में भारत का तिरंगा झंडा विकसित भारत का तिरंगा झंडा होना चाहिए.

विपक्षी गठबंधन पर पीएम मोदी का तंज-

पीएम मोदी ने कहा, समय की मांग तीन बुराइयों 'भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण' से लड़ने की है. मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा. हमारे देश को परिवारवाद ने नोंच लिया है. तीसरी बुराई तुष्टीकरण की है. इसने हमारे देश पर दाग लगा दिया है. हमें इन तीन बुराइयों के खिलाफ पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ना है. इन तीन बुराइयों से मुक्ति पाना है.

विपक्षी गठबंधन पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए उन्होंने कहा, आज परिवारवाद और तुष्टीकरण ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है. किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? उनके लिए उनका जीवन मंत्र परिवार की पार्टी, परिवार द्वारा और परिवार के लिए है. देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है. तुष्टीकरण की राजनीति ने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया. देश विकास चाहता है. देश 2047 का सपना साकार करना चाहता है. हम किसी भी हालत में भ्रष्टाचार को सहन नहीं कर सकते.

मैं अगले 15 अगस्त को फिर आउंगा- PM मोदी

लोकसभा चुनाव-2024 का जिक्र करते हुए पीएम मोदी बोले, 2014 में मैंने परिवर्तन लाने का वादा किया था. आप देशवासियों ने मुझपर भरोसा किया. मैंने आपसे किए वादे को विश्वास में बदल दिया. 2019 में परफोर्मेंस के आधार पर आपने फिर मुझे आर्शीवाद दिया. परिवर्तन ने मुझे दोबारा मौका दिया. मैं आपका हर सपना पूरा करुंगा. मैं अगले 15 अगस्त को फिर आउंगा. मैं आपके लिए ही जीता हूं. मैं अगर पसीना बहाता हूं तो आपके लिए बहाता हूं. क्योंकि आप ही मेरा परिवार है. मैं आपका दुख नहीं देख सकता.

उन्होंने भाषण के अंत में कहा, चलता-चलाता काल चक्र, अमृत काल का भाल चक्र, सबके सपने अपने सपने, पनपे सपने सारे, धीर चले वीर चले, चले युवा हमारे, नीति सही रीति नई, गति सही राह नई, चुनो चुनौती सीना तान, जग में बढ़ाओ देश का नाम.

लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी का संबोधन देंखें-