भोपाल: वन मुख्यालय भोपाल की वन्य प्राणी शाखा में बनी राज्य स्तरीय एलीफेन्ट एडवाइजरी कमेटी द्वारा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर को दिये निर्देश के तहत पांच हाथियों के समूह से बिछुड़ कर जनहानि करने वाले टस्कर हाथी को रेडियो कॉलर लगाकर पुन: उसके झुण्ड में मिलाया गया है ताकि और जन एवं पशु हानि न होने पाये क्योंकि झुण्ड से अलग रहने के कारण ही यह टस्कर हाथी आक्रामक व्यवहार कर रहा था।

दरअसल, मुख्य वन संरक्षक शहडोल तथा वनमंडलाधिकारी अनूपपुर द्वारा उक्त समिति को अवगत कराया गया था कि नुकीले दांत वाले यानि टस्कर पांच नर हाथियों के समूह से एक हाथी अपने मूल समूह से अलग हो गया है तथा इसके द्वारा हाल ही में 3 जनहानि की घटना की गई हैं जोकि 26 अप्रैल 2026 एवं 30 अप्रैल 2026 को वनमंडल अनूपपुर तथा 13 मई 2026 को वनमंडल दक्षिण शहडोल में घटित हुई हैं। 

इसके अलावा इस बिछुड़े नर हाथी द्वारा 2 व्यक्यिों को घायल भी किया गया एवं 9 पशुहानि भी की गई। इस नर हाथी का व्यवहार अत्यंत आक्रामक एवं असामान्य पाया गया है। वर्तमान में अनूपपुर क्षेत्र में हाथियों के दो समूह सक्रिय है, जिनमें जैतहरी क्षेत्र में चार हाथियों का समूह है जिसमें से पहले एक एकल नर हाथी पृथक रूप से विचरण कर रहा है। इस बिछुड़े एवं आक्रामक नर हाथी के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों को लगातार जागरुक किया जा रहा है तथा गज रक्षक एप प्रणाली के माध्यम से लगभग 1500-1600 ग्रामीणों को निरंतर अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीणों को मूवमेंट संबंधी सूचना नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।