I.N.D.I.A Alliance Meeting: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाने के लिए इंडिया गठबंधन की नई दिल्ली में बुधवार यानी 6 नवंबर को बैठक होनी है. हालांकि, अब यह बैठक लगभग टल ही गई है.

इस बैठक का आयोजन कांग्रेस की तरफ से रखा गया था, जिसमें विपक्ष के तमाम बड़े नेता शामिल होने वाले थे. हालांकि, कुछ बड़े नेताओं ने अलग-अलग वजह बताकर बैठक को टाल दिया है.

दरअसल, इंडिया गठबंधन की ये बैठक ऐसे समय पर टाली गई है, जब कांग्रेस को पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में से चार राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा हैं. इसमें तेलंगाना एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस सरकार बनाने में सफल रही है. बाकी चार राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिज़ोरम जहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा.

ऐसे में ये भी कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले हुए इस सेमीफाइनल राउंड में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ होने के कारण तो नहीं इस बैठक को टाला गया है. ख़बरों के मुताबिक, कल होने वाली इंडिया गठबंधन की इस बैठक को फिलहाल अब विपक्षी दल अनौपचारिक बैठक करार दे रहे हैं. बता दें कि इससे पहले भी गठबंधन में फूट की ख़बरें सामने आती रही है.

ये नेता नहीं होंगे शामिल-

ABP न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने नई दिल्ली नहीं आ रहे हैं. इसकी वजह ये है कि तमिलनाडु अभी चक्रवाती तूफान मिचौंग का सामना कर रहा है. वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी दिल्ली आना था, मगर तबीयत ख़राब होने की वजह से नहीं आ रहें हैं.

पश्चिम बंगाल सीएम ममता के घर में शादी का कार्यक्रम है, जिसकी वजह वह भी बैठक में शामिल नहीं होंगी. अखिलेश यादव भी बैठक में हिस्सा लेने नहीं आ रहे हैं. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं.

हालांकि, संसद के शीतकालीन सत्र के बीच इंडिया गठबंधन के दलों के संसद के नेताओं की बैठक कल 6 दिसंबर शाम छह बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर रखी गई. जिसमें पहले कोशिश यही रहेगी कि गठबंधन के तमाम बड़े चेहरों को एक साथ मंच पर पहले की तरह लाया जाए.