अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में चीनी सेना से झड़प के मसले पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज यानी मंगलवार को अपने आवास पर अहम बैठक की, जिसमें एनएसए अजीत डोभाल से लेकर सीडीएस और आर्मी चीफ मौजूद थे। अब राजनाथ सिंह संसद को इस मसले पर संबोधित करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, एलएसी पर भारत-चीनी सैनिक झड़प मसले पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकसभा में दोपहर 12:00 बजे तो राज्यसभा में दोपहर 2:00 बजे बयान देंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरुणाचल प्रदेश की वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तवांग के पास भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच फेस ऑफ के बाद एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई थी।

फेस ऑफ के दौरान 30 से अधिक भारतीय सैनिकों को चोटें आईं हैं। तवांग सेक्टर में झड़प में घायल कम से कम छह सैनिकों को इलाज के लिए गुवाहाटी भी लाया गया है। 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में LAC  के पास भारतीय और चीनी सैनिक भिड़ गए थे।

बताया जा रहा है, कि आमने-सामने की लड़ाई में दोनों पक्षों के सैनिकों को मामूली चोटें आईं हैं। भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में एक और गतिरोध को हल करने के लिए बातचीत में लगे हुए हैं।

भारतीय सैनिकों ने चीनी PLA सैनिकों का डटकर मुकाबला किया। सूत्रों ने बताया कि चीनी पक्ष की चोटें कथित तौर पर "भारतीय पक्ष की तुलना में बहुत अधिक" थीं।

"तवांग में भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को करारा जवाब दिया है। घायल हुए चीनी सैनिकों की संख्या भारतीय सैनिकों की तुलना में अधिक है। चीनी लगभग 300 सैनिकों के साथ भारी तैयारी के साथ आए थे, उनको भारतीय पक्ष के अच्छी तरह से तैयार होने की उम्मीद नहीं थी।" सैन्य सूत्रों के हवाले से इसके बाद दोनों पक्ष तुरंत इलाके से अलग हो गए थे।