देशभर में सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। सेना भर्ती के लिए लाई गई नई अग्निपथ स्कीम के विरोध में यह आव्हान किया है जिसे देखते हुए देशभर के साथ ही मध्यप्रदेश में भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। भारतीय सेना में भर्ती के लिए रक्षा मंत्रालय ने अग्निपथ योजना जारी की है। योजना के विरोध में देश के कई राज्यों हरियाणा, बिहार आदि में हिंसक प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ जैसी उत्पाती और हिंसक घटनाएं कर चुके हैं। 

यही कारण है कि आज राजधानी भोपाल के 5 रेलवे स्टेशन और 4 बस स्टैंड पर पुलिस का कड़ा पहरा है। प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ या हंगामे का अलर्ट अभी तक पुलिस को नहीं मिला है, लेकिन इसका अंदेशा है. इसलिए एहतियात के तौर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि उपद्रव करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शहरभर के थानों को भी अलर्ट किया गया है।

पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर ने बताया कि भारत बंद को देखते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, मिसरोद रेलवे स्टेशन, निशातपुरा और बैरागढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है। इसके साथ ही आईएसबीटी, नादरा बस स्टैंड, हलालपुर बस स्टैंड और बैरसिया बस स्टैंड पुतली घर पर भी पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। पुलिस की नजर सबसे ज्यादा भीड़ पर होगी। हर हाल में भीड़ को स्टेशन और बस स्टैंड में प्रवेश करने से रोका जाएगा।

ग्वालियर में बंद और प्रदर्शन की सूचनाओं के चलते यहां भी पुलिस को अलर्ट किया गया है। रलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गोला का मंदिर सहित सभी चेकिंग पॉइंट पर तैनाती के लिए लगभग 300 जवानों का अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। दिल्ली की और जाने वाली ट्रेन व बसों पर रविवार की रात से ही जिला पुलिस निगरानी कर रही है। एसएसपी अमित सांघी ने कहा है कि किसी भी विरोधी को दिल्ली नहीं जाने देंगे और गड़बड़ी नहीं फैलाने देंगे। ग्वालियर रेलवे स्टेशन में आरपीएफ जवान व अफसर पेट्रोलिंग कर रहे हैं। गौरतलब है कि अग्निपथ स्कीम के विरोध में गुरुवार को ग्वालियर में उपद्रव हो गया था. इसके बाद यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.