भारतीय सेना की अग्निपथ योजना का देश के कई राज्यों में विरोध हो रहा है। कई संगठनों ने सोमवार को भारत बंद बुलाया है। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर ट्रेनें रोकी हैं. इसके मद्देनजर रेलवे ने 181 मेल एक्सप्रेस और 348 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी हैं. RPF और GRP को भी अलर्ट मोड पर रखा है। इसके साथ ही उपद्रवियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। 

रेल मंत्रालय ने सोमवार को 181 मेल एक्सप्रेस और 348 यात्री ट्रेनें रद्द कर दीं। इसके अलावा 4 मेल एक्सप्रेस और 6 पैसेंजर ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गईं हैं। सोमवार को कोई ट्रेन डायवर्ट नहीं की गई। रेल अधिकारियों ने जानकारी दी कि अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे आंदोलन के कारण यह कदम उठाया गया है. दिल्ली के शिवाजी ब्रिज स्टेशन पर कांग्रेसी प्रदर्शनकारियों ने 45 मिनट तक ट्रेन रोकी। हालांकि बाद में पुलिस ने ट्रेन रोकने वाले यूथ कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

सोमवार सुबह से ही दिल्ली-नोएडा-दिल्ली फ्लाईवे, मेरठ एक्सप्रेसवे, आनंद विहार, सराय काले खां, प्रगति मैदान सहित  दिल्ली के अन्य सभी प्रमुख हिस्सों में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। नोएडा गेट से जीआईपी मॉल तक लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लगा है। चिल्ला बॉर्डर पर नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम भी देखा गया। भारत बंद के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा के लिए तमिलनाडु में दक्षिण रेलवे में प्लेटफॉर्म टिकट देना बैन कर दिया है। चेन्नई डिवीजन के सभी रेलवे स्टेशनों पर अगले आदेश तक यही व्यवस्था लागू रहेगी.

कांग्रेस सहित अन्य कई विपक्षी पार्टियां भी इस बंद का समर्थन कर रही हैं। कांग्रेस ने घोषणा की है कि इस योजना के विरोध में आज देशभर में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। ​​​​​ पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह अकेले युवाओं का ही मुद्दा नहीं है। अब सशस्त्र बलों के चरित्र पर भी सवाल उठ रहे हैं। इससे यह गंभीर चिंता का विषय बन गया है।