हार्दिक पंड्या के दमदार आलराउंड प्रदर्शन की दम पर इंडिया ने इंग्लैंड को पहले टी-20 में बुरी तरह हराया. टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 50 रन से करारी मात दी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 198 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.3 ओवर में केवल 148 रन ही बना पाई। भारत के लिए हार्दिक ने पहले 51 रन बनाए और बाद में सबसे ज्यादा विकेट 4 विकेट लिए। उन्होंने 33 रन देकर इंग्लैंड के 4 विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। वे भारत के लिए एक ही मैच में अर्धशतक के साथ 4 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
टीम इंडिया की टी 20 में इंग्लैंड में रनों के लिहाज से ये सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड में ही खेले गए 2009 के वर्ल्ड कप में भारत ने बांग्लादेश की टीम को 25 रन से हराया था। मैच के हीरो रहे हार्दिक पंड्या जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 51 रन की पारी भी खेली और 4 विकेट भी लिए। इंग्लैंड की पारी में हार्दिक ने एक ही ओवर में दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 5वें ओवर के दूसरी गेंद पर हार्दिक ने डेविड मलान को बोल्ड किया और ओवर की आखिरी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन को कैच करवाया।
इससे पहले भारत की पारी में सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंद में 39 रन बनाए। दीपक हुड्डा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंद में 33 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के मारे। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और ईशान किशन मैच में सस्ते में आउट हो गए। रोहित ने 14 गेंद में 24 रन तो ईशान किशन ने 10 गेंद में 8 रन बनाए.