भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैच की सीरीज का आखिरी वनडे आज इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम दोपहर 1:30 बजे से खेला जाना है। भारत ने शुरूआती दोनों मैच जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। ऐसे में उसकी कोशिश पहली बार न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ करने पर होगी।
यदि टीम इंडिया यह मुकाबला जीत लेती है, तो वह टी-20 के बाद वनडे में भी नंबर-1 बन जाएगी। इतना ही नहीं, भारतीय टीम वनडे इतिहास में तीसरी बार कीवियों को क्लीन स्वीप कर लेगी। 13 साल पहले 2010 में टीम गौतम गंभीर की कप्तानी में ऐसा कर चुकी है। तब भारत ने न्यूजीलैंड काे 5 मैचों की सीरीज में 5-0 से हराया था। उससे पहले टीम इंडिया ने 1988 में 4 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था।
वनडे रैंकिंग में अभी इंग्लैंड नंबर-1 पोजीशन पर है, जबकि न्यूजीलैंड दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर है। रैंकिंग में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और भारत तीनों के 113 रेटिंग पॉइंट हैं। इंग्लैंड दशमलव के बाद के अंकों की गणना के आधार पर पहले नंबर पर है। यह मुकाबला जीतने के बाद भारत के रेटिंग पॉइंट्स 114 हो जाएंगे और वह नंबर-1 बन जाएगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 17 द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज हुईं हैं। इसमें से भारत ने 9 में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 6 सीरीज अपने नाम की हैं। दो सीरीज ड्रॉ रहीं हैं। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी बार जनवरी 2019 में एकदिवसीय सीरीज जीती थी। उसके बाद से भारत ने अब यह सीरीज जीती है। इस बीच न्यूजीलैंड ने 2 सीरीज अपने नाम की थीं।